AABSLM

हमारी साइट में अपने समाचार सबमिट के लिए संपर्क करें

ईवीएम मशीन की डिस्पले हुई खराब, नहीं आया परिणाम चुनाव आयोग का बैल इंजीनियर नहीं ठीक कर पाया ईवीएम मशीन प्रत्याशी पिंकी रानी के समर्थकों में रोष, मतगणना केंद्र के पास लगाया जाम

                                           फिर से होगा सफीदों वार्ड नंबर 8 में पार्षद पद का चुनाव

abslm  22/6/2022  एस• के • मित्तल  
  
सफीदों,सफीदों के वार्ड नंबर 8 में एक बूथ की ईवीएम मशीन खराब होने का मामला गहराता चला जा रहा है। प्रशासन इस वार्ड में पुन: मतदान करवाने का निर्णय ले सकता है लेकिन यह अभी तक साफ नहीं है कि यह चुनाव पूरे वार्ड का चुनाव दोबारा से होगा या सिर्फ उसी बूथ होगा जिसकी ईवीएम मशीन खराब हुई है। इस मामले को लेकर इस वार्ड से पार्षद का चुनाव लड़ रही पिंकी रानी व उनके पति महावीर सैनी के समर्थकों में गहरा रोष व्याप्त है। इसी को लेकर उनके समर्थकों ने मतगणना केंद्र के पास धरना लगा दिया तथा प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं मामले को गहराता देखकर इस चुनाव के जिला आब्जर्वर आईएएस पंकज यादव व एडीसी साहिल गुप्ता ने मौके का दौरा किया तथा रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम सत्यवान मान से बात की और उन्हे आवश्यक दिशा-निर्देश देकर लौट गए। उधर धरना स्थल पर लोगों को समझाने के लिए रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम सत्यवान मान तथा वरिष्ठ भाजपा नेता कर्मबीर सैनी मौके पर पहुंचे।


वहां पर प्रत्याशी पिंकी रानी व उनके पति महावीर सैनी ने आरोप लगाया कि यह उनके साथ सरासर धोखा है तथा प्रशासन की सीधी-सीधी लापरवाही है। पिंकी रानी भारी मतों से इस वार्ड से जीती हुई है लेकिन उसे विजेता घोषित नहीं किया जा रहा। पिंकी रानी के पति महावीर सैनी का आरोप था कि चुनाव आयोग की ओर से आए बैल इंजीनियर के पास मशीन को ठीक करने के लिए पर्याप्त सामान नहीं था। इंजीनियर ने केवल मशीन को खोला और फिर से बंद कर दिया। इस मशीन की एलईडी स्क्रीन व लीड को चेंज किया जा सकता था लेकिन इंजीनियर के पास ठीक करने के सामान के अभाव के कारण यह मशीन ठीक नहीं हो पाई और वार्ड को फिर से चुनाव की तरफ धकेल दिया गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि अगर चुनाव करवाना ही है तो पूरे वार्ड की बजाय सिर्फ उस बूथ का चुनाव तत्काल करवा लिया जाना चाहिए। जिस पर एसडीएम सत्यवान मान ने लोगों को समझाया कि बैल इंजीनियर की काफी कोशिशों के बाद भी ईवीएम मशीन का डाटा नहीं निकल पाया और स्क्रीन में कुछ भी दिखाई नहीं पड़ रहा है। 



इस सारे मामले को चुनाव आयोग के समक्ष रख दिया गया है और वहां से दिशा-निर्देश आने के बाद आगामी फैसला लिया जाएगा। वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता कर्मबीर सैनी के समझाने के बाद लोग एक बार तो उठ गए लेकिन जब कर्मबीर सैनी वहां से गाड़ी में बैठकर जाने लगे तो वार्ड के लोगों ने उनकी गाड़ी को आगे अड़कर रोक लिया। प्रत्याशी पिंकी रानी के पति महावीर सैनी के समझाने के बाद लोग गाड़ी के आगे से हटे और तब जाकर गाड़ी आगे रवाना हुई। महावीर सैनी ने कहा कि वे अब सीधे घर जाएंगे और वहां पर वार्ड के लोगों से बात करके अगला फैसला लेंगे। वहीं इस मामले में मतगणना केंद्र पर पहुंचे एडीसी साहिल गुप्ता ने पत्रकारों को बताया कि मशीन का डाटा उपलब्ध नहीं होने के कारण दोबारा से चुनाव करवाया जाएगा। यह चुनाव एक बूथ पर होगा या पूरे वार्ड का होगा इसके बारे में रिटर्निंग अधिकारी चुनाव आयोग से निर्देश आने पर बताएंगे।
 

निवेदन :- अगर आपको लगता है की ये लेख किसी के लिए उपयोगी हो सकता है तो आप निसंकोच इसे अपने मित्रो को प्रेषित कर सकते है