सफीदों की दुर्दशा को लेकर पूर्व पार्षदों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

abslm 21/12/2021 एस• के• मित्तल  

        

सफीदो,     सफीदों नगर की अनेक समस्याओं को लेकर अनेक पूर्व पार्षदों ने मंगलवार को एक ज्ञापन एसडीएम आईएएस डा. आनंद कुमार शर्मा को सौंपा। ज्ञापन देने आए पूर्व पार्षद नरेश जांगड़ा, मुकेश थनई, गुगा सैनी व विकास गुप्ता का कहना था कि शहर की कुछ मुख्य समस्याओं को लेकर वे कई बार सफीदों प्रशासन से मिले हैं लेकिन आजतक उन समस्याओं का कोई भी समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि पानीपत रोड सफीदों शहर का मेन रोड है जिसका पिछले 2 साल से लंबे समय से निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। जिसके कारण आए दिन कोई न कोई सड़क हादसे घटित हो रहे हैं। इस रोड पर स्थित दुकानों के मालिक उठती हुई धूल के कारण गंभीर बीमारियों के शिकार हो रहे हैं। पानीपत रोड बीआरएसके स्कूल से लेकर बड़े पावरहाउस तक दोनों साइड नालों का निर्माण कराया जाए ताकि इस रोड पर स्थित कालोनी के पानी की निकासी सुलभ हो सके। इसी रोड पर स्थित बीआरएसके स्कूल में लोग सुबह-सुबह अपने बच्चों को छोडऩे जाते हैं लेकिन यू टर्न काफी दूर होने के कारण लोग गाड़ी और बाइक रॉन्ग साइड से ही लेकर आते है जिस कारण हादसे होने की संभावनाएं बनी रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस स्कूल के आसपास एक यू-टर्न बनाया जाए। वहीं सरला देवी मैमोरियल कन्या कॉलेज वाले रास्ते के पानी की निकासी ना होने के कारण हालात बहुत खराब हैं। इस खराब रास्ते के कारण आमजन खासकर कालेज में दूर-दराज के गांवों से आने वाली लड़कियों को कॉलेज में आने-जाने में काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। 
#यूट्यूब पर यह भी #देखें #सब्सक्राइब करें और #अपने सभी #दोस्तों को #शेयर करें... #सभी #खबरों की #अपडेट के लिए #घंटी #जरूर #दबाएं... 



इसके अलावा रेलवे स्टेशन से गैस एजेंसी गोदाम रोड, खानसर चौक से नया बस स्टैंड वाले रास्ते, असंध रोड, जींद बाईपास, खेड़ा खेमावती बस स्टैंड पर बहुत बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। इन सभी प्रमुख रास्तों की तत्काल रिपेयरिंग और पानी की निकासी का प्रबंध करवाना आवश्यक है। नगर के नहर पूल पर बना डिवाइडर भी हादसों को न्यौता दे रहा है। पुराने बस स्टैंड पर नए सार्वजनिक शौचालय बन चुके है लेकिन पुराने वाले शौचालय उसी प्रकार खड़े है, जहां पर सफाई व्यवस्था समुचित नहीं है। इन पुराने शौचालयों को वहां से हटाना जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के संबंध में उन्होंने इसी वर्ष 16 जून को नगरपालिका सचिव प्रार्थना पत्र दिया था लेकिन पालिका की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया कि जनहित में इन सभी कार्यों पर तत्काल कार्रवाई अमल में लाए ताकि लोग हादसों का शिकार ना हों। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर समय रहते समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो शहरवासी सरकार और प्रशासन के खिलाफ धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। 

फोटो कैप्शन 1.: एसडीएम डा. आनंद कुमार शर्मा को ज्ञापन सौंपते हुए पूर्व पार्षदगण।

No comments:

Post a Comment

निवेदन :- अगर आपको लगता है की ये लेख किसी के लिए उपयोगी हो सकता है तो आप निसंकोच इसे अपने मित्रो को प्रेषित कर सकते है