गांव रामनगर से गायब राजेश का तालाब में ही मिला शव गोताखोर ने तालाब में सर्च अभियान चलाकर निकाला शव

abslm 7/2/2023 एस• के• मित्तल  



सफीदों, सफीदों उपमंडल के गांव रामनगर से गायब राजेश का शव गांव के तालाब से ही बरामद हो गया है। राजेश को तलाशने के लिए ग्रामीणों व परिवार के लोगों ने गोताखोर की मदद ली। वहीं इस मामले में सफीदों पुलिस भी सारा दिन अलर्ट मोड पर रही। पुलिस की एक टीम गांव रामनगर के तालाब के आसपास मौजूद रही। जैसे ही सायं करीब साढ़े 5 बजे राजेश के शव को गोताखोर के द्वारा ढूंढ लिए जाने का समाचार प्राप्त हुआ, वैसे ही काफी तादाद में ग्रामीण व सदर थाना प्रभारी कृष्ण कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर नगर के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। बता दें कि गांव रामनगर का युवक राजेश (40) रविवार सुबह अपने घर से झगड़ा करके कहीं चला गया। उसके चले जाने के बाद परिवार ने उसकी खोजबीन की लेकिन उसकी कोई जानकारी हासिल नहीं लगी। कुछ देर बाद गांव के किसी व्यक्ति ने राजेश की बाईक व चप्पल गांव के तालाब के पास देखी। उसने इस बात की जानकारी उसके परिजनों को दी। 




उसके बाद ऐसा अंदेशा जताया जाने लगा कि कहीं राजेश ने तालाब में छलांग ना लगा दी हो। रविवार को पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से संयुक्त सर्च अभियान चलाया। ग्रामीणों ने पूरे तालाब में मानव श्रृंखला बनाकर उसमे जाल डालकर पूरे तालाब को खंगाला लेकिन रविवार सांय तक राजेश नहीं मिला। सांय को सर्च अभियान बंद कर दिया गया। वहीं सफीदों पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर राजेश की गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया था। सोमवार सुबह होते ही ग्रामीणों व परिजनों ने फिर से सर्च अभियान अपने स्तर पर चलाया। वहीं परिजनों ने गोताखोर को भी बुला लिया। सांय को गांव उझाना से गोताखोर बबली गांव रामनगर पहुंचा और तालाब में राजेश को तलाशना शुरू किया। करीब पौने घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोर बबली को सफलता हासिल हुई और उसने तालाब से गुमशुदा राजेश का शव बरामद करके बाहर निकाल दिया। बताया जाता है कि राजेश की बॉडी गहरे तालाब की गाद में फंसी हुई थी जिसके कारण ग्रामीणों को वह बरामद नहीं हुई। राजेश के शव की सूचना सफीदों पुलिस को दी गई। सूचना पाकर सदर थाना प्रभारी कृष्ण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर सफीदों के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। मृत्तक राजेश गांव में 2 एकड़ की खेती करने के अलावा किसी मुर्गी फार्म में भी कार्य करता था। वह अपने पीछे पत्नी, एक लड़की व लड़के को छोड़कर गया है। परिवार के पालन पोषण का सारा भार राजेश के कंधे पर ही था। इस मामले में सदर थाना प्रभारी कृष्ण कुमार का कहना है कि राजेश का शव तालाब से बरामद हो गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल सफीदों में रखवा दिया गया है।

फोटो कैप्शन 4.: तालाब से राजेश का शव निकालता हुआ गोताखोर।

No comments:

Post a Comment

निवेदन :- अगर आपको लगता है की ये लेख किसी के लिए उपयोगी हो सकता है तो आप निसंकोच इसे अपने मित्रो को प्रेषित कर सकते है