AABSLM

हमारी साइट में अपने समाचार सबमिट के लिए संपर्क करें

भारत जापान के बीच पर्यटन क्षेत्र में संबंधों में मजबूती


भारत और जापान, पर्यटन क्षेत्र में संबंध मजबूत करने के प्रति कृतसंकल्‍प हैं। यह फैसला भारत यात्रा पर आए जापान के भूमि, बुनियादी ढांचा परिवहन और पर्यटन वरिष्‍ठ उप मंत्री श्री हिरोशी काजियामा और पर्यटन राज्‍य मंत्री डॉक्‍टर के. चिरंजीवी के बीच हुई बैठक में लिया गया। दोनों पक्ष द्विपक्षीय पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए समझौते/सहमति पत्र पर हस्‍ताक्षर करने की प्रक्रिया और आगे बढ़ाने के लिए तैयार हैं।

डॉ. चिरंजीवी ने भारत में गोल्‍फ पर्यटन में सुधार के लिए उठाए गए कदमों और एमआईसीई पर्यटन के बारे में जापानी मंत्री को जानकारी दी।

भारतीय पर्यटन मंत्री ने जापान से कम बजट के होटल क्षेत्र में निवेश करने का आह्वान किया। भारत में इस क्षेत्र में विदेशी विनिवेश (एफडीआई) का रास्‍ता खुला है। डॉ. चिरंजीवी ने जापानी मंत्री को बताया कि भारत में दुनियाभर से पर्यटक आते हैं, इसलिए यहां बजट होटल की बड़ी संभावना है। श्री काजियामा ने कहा कि बजट होटल के क्षेत्र में निवेश के प्रस्‍ताव पर दोनों देशों के बीच समझौता पत्र तैयार हो सकता है।

जापानी पर्यटन मंत्री ने कहा कि वे अगली बैठक के लिए जापानी उद्योगपतियों के प्रतिनिधिमंडल की अध्‍यक्षता करना चाहेंगे और उन्‍हें उम्‍मीद है कि भारत के साथ कोई समझौता हो सकता है। श्री काजियामा ने बताया कि भारत और जापान के बीच दो जापानी एयरलाइन्‍स रोजाना उड़ान भरती है, जिससे दोनों देशों के बीच पर्यटकों की आवाजाही के बारे में पता चलता है।

जापान, 13 से 17 जनवरी 2014 को विश्‍व स्‍तरीय दो दिवसीय 'इंडिया जापान टूरिज्‍म एक्‍स्‍पो' नई दिल्‍ली में आयोजित करने वाला है।

निवेदन :- अगर आपको लगता है की ये लेख किसी के लिए उपयोगी हो सकता है तो आप निसंकोच इसे अपने मित्रो को प्रेषित कर सकते है