AABSLM

हमारी साइट में अपने समाचार सबमिट के लिए संपर्क करें

राष्‍ट्रपति श्री प्रणब मुखर्जी पर कॉफी टेबल बुक: 2 जुलाई को ग्रहण करेंगे पहली प्रति


भारत के राष्‍ट्रपति श्री प्रणब मुखर्जी 'फर्स्‍ट सिटीजन: प्रणब मुखर्जी इन राष्‍ट्रपति भवन' नामक कॉफी टेबल बुक की पहली प्रति कल (2 जुलाई 2014) राष्‍ट्रपति भवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ग्रहण करेंगे। इसका प्रकाशन दी वीक पत्रिका ने किया है। इसका अनावरण डा. कर्ण सिंह राष्‍ट्रपति की उपस्थिति में करेंगे। इस अवसर पर दी वीक के प्रबंध संपादक श्री फिलीप मैथ्‍यू भी उपस्थित रहेंगे।

यह कॉफी टेबल बुक दी वीक पत्रिका में प्रकाशित लेखों का संकलन है जो कि जनवरी 2013 से मई 2014 के दौरान 'फर्स्‍ट सिटीजन' नामक कॉलम में छपे थे। इस पुस्‍तक में जनता से संबंधित मसलों पर राष्‍ट्रपति की पहल, उनका देश-विदेश में भ्रमण, आम आदमी के लिए राष्‍ट्रपति भवन के दरवाजे और खोलने के लिए की गई पहल, भवन से संबंधित समारोह और रसोईघर आदि से संबंधित सामग्री प्रकाशित की गई है।

इस पुस्‍तक में राष्‍ट्रपति भवन के संकलन से कुछ पूर्व राष्‍ट्रपतियों के फोटो, खबरों की कुछ कतरनें और पंडित जवाहरलाल नेहरू, रबिन्‍द्र नाथ टैगोर और स्‍वामी विवेकानंद पर राष्‍ट्रपति द्वारा लिखे गए तीन लेख भी शामिल किये गए हैं। ये लेख दी वीक में छपे हैं। पुस्‍तक की प्रस्‍तावना में राष्‍ट्रपति ने लिखा है 'रायसीना पहाड़ी और राष्‍ट्रपति भवन के अंदर-बाहर की इमारतें मेरे पांच दशक से भी ज्‍यादा के सावर्जनिक जीवन के रंगमंच रहे हैं। राष्‍ट्रपति बनने से पहले मैं कई बार राष्‍ट्रपति भवन में आया करता था, कभी विभिन्‍न सरकारों में मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने या फिर वित्‍त मंत्री के रूप में संसद में बजट पेश करने से पहले राष्‍ट्रपति से मशविरा करने।'

दी वीक मलयाला मनोरमा समूह द्वारा प्रकाशित भारत की अग्रणी पत्रिकाओं में शामिल है। इसके 125 वर्ष 2013 में पूरे हो चुके हैं और उस समय कोट्टायम में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन राष्‍ट्रपति ने किया था। दी वीक का प्रकाशन 1982 से हो रहा है। 

निवेदन :- अगर आपको लगता है की ये लेख किसी के लिए उपयोगी हो सकता है तो आप निसंकोच इसे अपने मित्रो को प्रेषित कर सकते है