AABSLM

हमारी साइट में अपने समाचार सबमिट के लिए संपर्क करें

श्री कलराज मिश्र ने दिल्‍ली अंतर्राष्‍ट्रीय चमड़ा मेले का उद्घाटन किया


सूक्ष्‍म, लघु और मझौले उद्यम मंत्री श्री कलराज मिश्र ने आज यहां चौथे भारतीय अंतर्राष्‍ट्रीय चमड़ा मेले का उद्घाटन किया। भारतीय व्‍यापार संवर्द्धन संगठन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय मेले में श्री कलराज मिश्र ने कहा कि भारतीय चमड़ा उद्योग का अर्थव्‍यवस्‍था में महत्‍वपूर्ण स्‍थान है और इसका वार्षिक कारोबार 11 अरब अमरीकी डॉलर है। यह एक ऐसा क्षेत्र है, जिसमें रोजगार की काफी अधिक संभावनाएं हैं और देश में करीब 25 लाख लोगों को इसमें रोजगार मिला हुआ है। रोजगार के क्षेत्र में करीब 30 प्रतिशत हिस्‍सेदारी महिलाओं की है।

श्री मिश्र ने कहा कि भारतीय चमड़ा और चमड़े के उत्‍पादों के प्रमुख बाजार जर्मनी (12.60 प्रतिशत), ब्रिटेन (11.96 प्रतिशत), अमरीका (10.51 प्रतिशत), हांगकांग (8.82 प्रतिशत), इटली (8.77 प्रतिशत), फ्रांस (6.39 प्रतिशत), स्‍पेन (5.34 प्रतिशत) हैं। इस क्षेत्र में भारत का कुल निर्यात करीब 6 अरब डॉलर का है।

इस मेले में चीन, फ्रांस, तुर्की, ताइवान और ईरान जैसे देशों की 30 विदेशी कंपनियों सहित करीब 120 प्रदर्शक भाग ले रहे हैं। मेले का विषय है ‘’ट्रेंड वॉल’’। इस मेले में चमड़े के उत्‍कृष्‍ट भारतीय उत्‍पादों को प्रदर्शित किया गया है। इसमें चमड़ा उद्योग से जुड़े विभिन्‍न उत्‍पाद जैसे मशीनरी, उपकरण और टेक्‍नोलॉजी, तैयार चमड़ा, सिंथेटिक सामग्री, फूटवियर, चमड़े के वस्‍त्र, प्रकाशन और अन्‍य सामग्री शामिल हैं। 

निवेदन :- अगर आपको लगता है की ये लेख किसी के लिए उपयोगी हो सकता है तो आप निसंकोच इसे अपने मित्रो को प्रेषित कर सकते है