लाडवा, 12 अगस्त। हरियाणा लोकहित पार्टी के अध्यक्ष एवं सिरसा के विधायक गोपाल कांडा ने कहा कि हलोपा की सरकार आते ही प्रदेश के सभी गावों में जिम खोले जाएंगे। जहां युवाओं को व्यायाम की मुफ्त सुविधा प्रदान की जाएगी।
गोपाल कांडा निकटवर्ती गांव समाणी में सरपंच वेदप्रकाश द्वारा आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। हलोपा की जनसभा के दौरान आम आदमी पार्टी को उस समय बड़ा धक्का लगा जब पार्टी के कुरूक्षेत्र लोकसभा हल्का प्रभारी रहे प्रह्लाद शर्मा अपने साथियों सहित हलोपा में शामिल हो गए। क्षेत्र वासियों तथा आप से हलोपा में आने वाले नेताओं का स्वागत करते हुए गोपाल कांडा ने कहा कि हरियाणा की मौजूदा सरकार ने नौजवानों को रोजगार तथा खेलों के नाम पर शुरू से गुमराह किया है।
हरियाणा सरकार गांव स्तर पर खिलाडिय़ों को सुविधाएं प्रदान करने के झूठे दावे कर रही है जबकि वास्तविकता यह है कि हरियाणा के गांव आज भी खेल सुविधाओं से वंचित हैं। खेल सुविधाओं के अभाव में युवा वर्ग रास्ता भटक रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हरियाणा लोकहित पार्टी की सरकार के सत्ता में आते ही हरियाणा के सभी गावों में युवाओं की सुविधा के लिए जिम खोले जाएंगे। जहां सरकार द्वारा अपने स्तर पर जिम का सामान मुहैया करवाया जाएगा। गोपाल कांडा ने जनसभा में उपस्थित लोगों को आगामी 17 अगस्त को जींद में होने वाली रैली का न्यौता देते हुए कहा कि इस रैली में वह युवाओं के कल्याण के लिए बनाई गई योजनाओं को जनता के समक्ष रखेंगे।
गोपाल कांडा ने हरियाणा सरकार पर किसानों तथा व्यापारियों की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि आज प्रदेश के किसान तथा व्यापारी सबसे अधिक परेशान हैं। हरियाणा में हलोपा की सरकार के सत्ता में आते ही किसानों को जहां नलकूप के लिए मुफ्त बिजली प्रदान की जाएगी वहीं व्यापारी वर्ग को राहत प्रदान करते हुए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया जाएगा।
इससे पहले गोपाल कांडा का यहां पहुंचने पर स्वागत करते हुए पार्टी के उपाध्यक्ष अशोक बुवानीवाला तथा वरिष्ठ नेता रघुमल भट्ट ने कहा कि आज हरियाणा लोकहित पार्टी गोपाल कांडा के नेतृत्व में प्रदेश के तमाम राजनीतिक दलों का विकल्प बन चुकी है। हलोपा के साथ बहुत कम समय में 12 लाख से अधिक लोग पूरे प्रदेश में जुड़ चुके हैं। इस अवसर पर गोपाल कांडा ने सरपंच वेदप्रकाश की मांग पर गांव के अनेक धार्मिक स्थानों को 51-51 हजार रुपए की राशी भेंट की तथा गांव में एक जिम, एक सिलाई सेंटर तथा एक कंप्यूटर सेंटर खोलने की घोषणा की। इस अवसर पर पार्टी नेता राजपाल बाजवा, हरीश सेतिया, गुरनाम सिंह, गोवर्धनदास गोदी, विक्रमजीत सिंह, शिमला रानी, इंद्रा रानी समेत कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

निवेदन :- अगर आपको लगता है की ये लेख किसी के लिए उपयोगी हो सकता है तो आप निसंकोच इसे अपने मित्रो को प्रेषित कर सकते है