AABSLM

हमारी साइट में अपने समाचार सबमिट के लिए संपर्क करें

सरदार पटेल के नाम पर होगा शहरी आवास मिशन




झुग्‍गी झोपड़ी में रहने वालों को चाहिए छत से ज्‍यादा समावेशी विकास और सशक्‍तीकरण 

सरकारी शहरी विकास और आवास मिशन का उद्देश्‍य होगा समावेशी विकास ताकि वह सभी वर्गों के शहरी झुग्‍गीवासियों की जरूरतें पूरी कर सके। आवास और शहरी गरीबी उपशमन मंत्री, श्री एम. वेंकैया नायडू ने आज ‘विश्‍व पर्यावास दिवस- शहरी झुग्‍गियों की पुकार’ नाम के कार्यक्रम में अपने संबोधन में यह बताया। इस कार्यक्रम का आयोजन आवास और शहरी गरीबी उपशमन मंत्रालय ने किया था। 

श्री वेंकैया नायडू ने सही शहरी नियोजन की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि ऐसा करने से ही झुग्‍गी-झोपड़ी मुक्‍त भारत सुनिश्‍चित हो सकेगा। उन्‍होंने कहा कि फिलहाल सरकार झुग्‍गी-झोपड़ी कॉलोनियों के विकास को इमारतों की मंजिलों की संख्‍या बढ़ाकर प्रोत्‍साहित कर रही है। उन्‍होंने कहा कि झुग्‍गीवासी सिर्फ एक छत पाने के हकदार नहीं हैं, बल्‍कि उन्‍हें सुरक्षित और स्‍वस्‍थ वातावरण, वाजिब भाड़े में परिवहन और प्रकाश व्‍यवस्‍था, सुरक्षित और स्‍वच्‍छ पेयजल, रोजगार और सशक्‍तीकरण की जरूरत है। 

श्री वेंकैया नायडू ने जानकारी दी कि शहरी आवास मिशन जल्‍दी ही शुरू किया जाएगा और यह सरदार पटेल के नाम पर होगा। इसके अंतर्गत 2022 तक सभी को मकान देना सुनिश्‍चित कर दिया जाएगा। उन्‍होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री के हर परिवार को घर के आह्वान पर किया जा रहा है और वर्ष 2022 तक तीन करोड़ मकान बनाए जाएंगे। इनमें से अधिकांश आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों, कम आय समूहों के लिए होंगे और इनका निर्माण पब्‍लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मोड के अंतर्गत किया जाएगा। ब्‍याज सब्‍सिडी भी दी जाएगी और इसके लिए आवास क्षेत्र को संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्‍होंने कहा कि इन कार्यों के लिए रुपए 50 लाख करोड़ की जरूरत पड़ेगी। इसमें से आवास के लिए 22.5 लाख करोड़, मूल सुविधा विकास के लिए साढ़े 16 लाख करोड़, शहरी सफाई के लिए 62 हजार करोड़ रुपए की जरूरत पड़ेगी। स्‍मार्ट सिटी बनाने के लिए भी रकम का इस्‍तेमाल किया जाएगा। 

प्रमुख संबोधन प्रस्‍तुत करते हुए एक गैर-सरकारी संगठन ‘स्‍पार्क’ की संस्‍थापक निदेशक और पद्म श्री से सम्‍मानित सुश्री शीला पटेल ने जोर देकर कहा कि यह समाधान गरीबों के लिए होगा और परियोजनाएं बनाने तथा उन पर अमल में उन्‍हें भागीदार बनाया जाएगा। संयुक्‍त राष्‍ट्र के महासचिव श्री बान की मून ने इस अवसर पर अपने संदेश में कहा कि यह ऐसा एजेंडा है जो किसी को पीछे नहीं छोड़ता। उनका संदेश पढ़कर सुनाया गया। 

श्री वेंकैया नायडू ने विभिन्‍न प्रतियोगिताओं के विजेताओं का अभिनंदन किया। इस अवसर पर श्रीमती अनिता अग्‍निहोत्री (संयुक्‍त सचिव), आवास और शहरी गरीबी उपशमन मंत्रालय के अधिकारी और कई देशों के राजनयिक मौजूद थे। 

निवेदन :- अगर आपको लगता है की ये लेख किसी के लिए उपयोगी हो सकता है तो आप निसंकोच इसे अपने मित्रो को प्रेषित कर सकते है