AABSLM

हमारी साइट में अपने समाचार सबमिट के लिए संपर्क करें

दिल्ली चुनाव में भाजपा के बड़े-बड़े कई दिग्गजों को करारी हार का सामना करना पड़ा है

 ABSLM -10/02/2015

नई दिल्ली : दिल्ली चुनाव में भाजपा की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार किरण बेदी समेत पार्टी के कई दिग्गजों को करारी हार का सामना करना पड़ा है और आम आदमी पार्टी की ऐतिहासिक विजय ने भाजपा को केवल तीन सीटों तक सीमित कर दिया है।
चुनाव से केवल तीन सप्ताह पहले भाजपा केतुरप के पत्तेके तौर पर सामने आईं पूर्व आईपीएस अधिकारी किरण बेदी को कृष्णा नगर सीट से शिकस्त मिली है जिसे पार्टी की सुरक्षित सीट माना जा रहा था। बेदी को आप पार्टी के एस के बग्गा ने हरा दिया।
कृष्णा नगर सीट पारंपरिक रूप से भाजपा का गढ़ मानी जाती रही है जहां से केंद्रीय मंत्री और सांसद हर्षवर्धन पांच बार विधायक रहे हैं। कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुईं कृष्णा तीरथ आप के हजारी लाल चौहान के हाथों पटेल नगर सीट से हार चुकी हैं।
भाजपा के वरिष्ठ नेता जगदीश मुखी भी अपनी सीट नहीं बचा पाये और आप के राजेश रिषी से हार गये। इससे पहले पश्चिम दिल्ली की इस सीट से रिकॉर्ड पांच बार विधायक चुने गये भाजपा के दिग्गज नेता ने 2013 के चुनाव में रिषी को हराया था। रिषी ने 25,580 मतों के अंतर से जीत हासिल की है।
भाजपा ने पार्टी नीत नगर निगमों के कम से कम 10 पार्षदों को भी मैदान में उतारा था। विधानसभा चुनाव में हार का सामना करने वालों में उत्तरी दिल्ली नगर निगम के मौजूदा और पूर्व मेयर योगेंद्र चंदोलिया तथा आजाद सिंह जैसे दिग्गज भी हैं। करोल बाग से किस्मत आजमा रहे चंदोलिया को आप के विशेष रवि ने पराजित किया।

भाजपा केवल तीन सीटें जीतने में सफल रही है। जिनमें रोहिणी से विजेंद्र गुप्ता, मुस्तफाबाद से जगदीश प्रधान और विश्वास नगर से ओम प्रकाश शर्मा ने जीत हासिल की है।

निवेदन :- अगर आपको लगता है की ये लेख किसी के लिए उपयोगी हो सकता है तो आप निसंकोच इसे अपने मित्रो को प्रेषित कर सकते है