ABSLM -सिरसा, 21 मार्च-
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में बने खेल स्टेडियमों से पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व. राजीव गांधी का नाम हटाने का प्रयास के लिए भाजपा सरकार की कड़ी निंदा की है। देश की एकता व अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहूति देने वाले स्व. राजीव गांधी के नाम पर अपनी ओछी मानसिकता का परिचय देकर भाजपा ने बदले की राजनीति की यादों को फिर दोहराया है। डा. तंवर ने यह बात आज यहां जारी अपने बयान में कहीं।
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी और स्व. राजीव गांधी ने देश की एकता के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। त्याग एवं बलिदान की यह परंपरा भाजपा की समझ से बाहर है। आजादी से पूर्व संदिग्ध भूमिका वाले संगठन के एजेंडे को लागू करने की फिराक में भाजपा सरकार समाज को बांटना चाहती है लेकिन कांग्रेस सरकार के इन मंसूबों का सदन के भीतर और बाहर दोनों जगहों पर पुरजोर विरोध करेगी। उन्होंने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पूरी दुनिया में युवाओं के बीच स्व. राजीव गांधी की लोकप्रियता रहीं है, उनके नाम पर गांव-गांव बने स्टेडियमों में खेलों को प्रोत्साहन देने की बजाए, उनको लेकर ओछी राजनीति कर भाजपा ने खेल व खिलाडिय़ों का भी अपमान किया है।
उन्होंने कहा कि शहीदों को सम्मान देना कांग्रेस की परंपरा रही है, महात्मा गांधी, पंडित जवाहर लाल नेहरू, सरदार पटेल तथा सुभाष चंद्र बोस आदि कांग्रेस से जुड़े रहे हैं। जबकि भाजपा और इसके मूल संगठन की निष्ठा आजादी की लड़ाई में संदेह के घेरे में रहीं है। सरदार भगत सिंह के विचारों में भी जाति, धर्म, संप्रदायवाद के खिलाफ बातें मिलती है लेकिन भाजपा और उससे जुड़े संगठनों की विचारधारा विभाजनकारी है। डा. तंवर ने कहा कि सदन में एक जिम्मेदार मंत्री का दंभपूर्ण आचरण भी ऐसे दल की असलियत की पोल खोलने के लिए काफी है। सरकार काम करने की बजाए बदले की उस राजनीति पर चल पड़ी जो दौर हरियाणा में इनेलो-भाजपा की संयुक्त सरकार के 1999-2004 तक चले कार्यकाल में देखने को मिलता था और उस दौर के किस्सों ने पूरे देश में हरियाणा को नकारात्मक पहचान दी थी। कांग्रेस सरकार ने उस दौर को खत्म कर पूरे देश में हरियाणा की तरक्की और खुशहाली को मिसाल के रूप में कायम किया था।

निवेदन :- अगर आपको लगता है की ये लेख किसी के लिए उपयोगी हो सकता है तो आप निसंकोच इसे अपने मित्रो को प्रेषित कर सकते है