ABSLM 8/7/2022 खरगोन मध्यप्रदेश से सचिन गुप्ता की रिपोट
खरगोन:-त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के तहत शुक्रवार को जिले की चार जनपदों का अंतिम चरण में मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ। पहले दो चरणों के मुकाबले तृतीय चरण में मतदाताओं में गजब का उत्साह देखा गया। तृतीय चरण में बुजुर्ग और युवा मतदाताओं में भी अधिक उत्साह दिखा। पिपरखेड़ा के मतदान केंद्र पर दृष्टिहीन 82 वर्षीय फखरू ने भी मतदान कर लोकतंत्र की ताकत बने।
वहीं पिपरखेड़ा के ही एक अन्य मतदान केंद्र पर 90 वर्षीय लाड़की बाई ने मतदान केन्द्र तक स्वयं चलकर आई और मतदान कर लोकतंत्र के प्रति आदर जताया। ऐसे कई मतदान केंद्रों पर बुजुर्ग और बीमार मतदाताओं ने भी मतदान किया।
ऐसे बढ़ता गया मतदान
तृतीय चरण सें पूर्व हुए दो चरणों से अधिक उत्साह तो देखा गया। आयोग द्वारा निर्धारित समय 7 बजे से प्रांरभ हुए मतदान के बाद सुबह 9 बजे तक अच्छा प्रतिशत निकलकर आया। सुबह 9 बजे तक कसरावद में 21.3 प्रतिशत, खरगोन में 20 प्रतिशत, गोगांवा में 18.4 प्रतिशत और भीकनगांव में 20.3 प्रतिशत मतदान रहा। इसके बाद सुबह 11 बजे कसरावद में 35 प्रतिशत, खरगोन में 43.9 प्रतिशत, गोगांवा में 41.5 प्रतिशत और भीकनगांव में 38.9 प्रतिशत मतदान हुआ। दोपहर 1 बजे तक कसरावद में 61.3 प्रतिशत, खरगोन में 65.6 प्रतिशत, गोगांवा में 63.8 प्रतिशत और भीकनगांव में 64.7 प्रतिशत मतदान हुआ था।
कसरावद में हुआ सबसे अधिक मतदान
शुक्रवार को जिले की चार जनपदों में हुए मतदान में अब तक तीनों चरणों में सबसे अधिक मतदान हुआ है। जिला कम्युनिकेशन टीम द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों चरणों मे दोपहर 3 बजे चार जनपदों में कसरावद जनपद में सबसे अधिक मतदान हुआ है। कसरावद में दोपहर 3 बजे तक 84 प्रतिशत, खरगोन जनपद में 82.4 प्रतिशत, गोगांवा 78.2 प्रतिशत और भीकनगांव में 77.9 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि प्रथम चरण में 25 जून को हुए मतदान में सेंगाव में 66.7, भगवानपुरा में 79.3 और झिरन्या जनपद में 65.8 प्रतिशत मतदान हुआ था। इसी तरह 1 जुलाई को द्वितीय चरण में बड़वाह में 76.7 प्रतिशत और महेश्वर जनपद में 78.8 प्रतिशत मतदान हुआ था।
(पिपरखेड़ा मतदान केन्द्र में 82 वर्षीय दृष्टिहीन फखरू अपने मत का उपयोग करने के बाद)
(पिपरखेड़ा मतदान केन्द्र में 90 वर्षीय लाड़की बाई बिना सहारे पैदल चलकर मतदान केन्द्र तक आयी और मत का प्रयोग किया)
(आदर्श मतदान केन्द्र पिपरखेड़ा में सुबह 8ः30 बजे से मतदाताओं की लगी लंबी-लंबी कतार)



निवेदन :- अगर आपको लगता है की ये लेख किसी के लिए उपयोगी हो सकता है तो आप निसंकोच इसे अपने मित्रो को प्रेषित कर सकते है