AABSLM

हमारी साइट में अपने समाचार सबमिट के लिए संपर्क करें

पागल सांड ने सफीदों में मचाया आतंक कई राहगीर व वाहन चालक घायल लोगों में दहशत का माहौल

abslm 9/11/2022 एस• के• मित्तल 

      

सफीदों, सफीदों के मंडी क्षेत्र में बुधवार को एक बेसहारा नंदी ने बुधवार को जमकर उत्पात मचाया और कई वाहनों व राहगीरों को अपनी लपेट में ले लिया। परिणामस्वरूप कई राहगीर व वाहन चालक घायल हो गए। मामले की सूचना प्रशासन व कई नगर पार्षदों को दी गई लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ। काफी समय बाद कुछ गौभक्त मौके पर पहुंचे और नंदी को काबू करने का प्रयास किया लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। ऐसा माना जा रहा है कि इस नंदी की मानसिक अवस्था बिगड़ चुकी है। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर को एक बेसहारा नंदी की मानसिक स्थिति बिगड़ गई। वह सारा दिन तेज रफ्तार में भागता हुआ गली-मौहल्लों व प्रमुख मार्गों पर घूमता रहा। उसके बीच में जो भी आया वह घायल होता चला गया। 


कुछ देर में तो स्थिति ऐसी पैदा हो गई कि लोग अपने-अपने वाहनों को बीच सड़क पर छोड़कर जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग गए। नंदी के इस प्रकोप के कारण चहुंओर अफरा-तफरी मच गई। इस नंदी ने नगर की पुरानी अनाज मंडी, गीता कालोनी, रेलवे रोड, घोड़ा पुली व भाट कालोनी में जमकर उत्पात मचाया। एक बार तो यह नंदी घोड़ा पुली रोड़ स्थित सिटी थाना के बाहरी परिसर में भी घुस गया था। 



पुलिस ने किसी तरह से इस नंदी को थाने की हदूद से बाहर किया। इस उत्पात में करीब एक दर्जन लोग मामूली व गंभीर रूप से घायल हो गए। भाट कालोनी निवासी अशोक कुमार ने बताया कि इस नंदी ने करीब एक दर्जन से अधिक लोगों को घायल कर दिया है। उन्होंने प्रशासन व पार्षदों को फोन घुमाएं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई और लोगों को उनके हाल पर ही छोड़ दिया गया। सारा दिन लोग डरे सहमे रहे। अशोक ने बताया कि खराब मानसिक स्थिति में यह नंदी सारा दिन कालोनियों में घूमता रहा। दोपहर बाद गौभक्त नीटू धीमान तथा श्री गणेश विकलांग गौशाला की टीम वाहन व साजो सामान के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने नगर के गैस एजेंसी रोड़ पर बीचो बीच बैठे इस नंदी को काबू करने का प्रयास किया। गौभक्तों की टीम ने नंदी को बेहोशी या नींद का इंजेक्शन देने के कई प्रयास किए लेकिन जैसे ही वे उसके नजदीक पहुंचते तो वह उन्हें ही मारने के लिए दौड़ पड़ता। टीम ने गौशाला की वैन में सवार होकर इसे रस्सा डालकर पकडऩे का प्रयास किया लेकिन वह उनके काबू में नहीं आया। समाचार लिखे जाने तक गौभक्तों के प्रयास जारी थे।

फोटो कैप्शन 2.: नंदी को काबू करने का प्रयास करते हुए गौभक्त।
फोटो कैप्शन 3.: अपनी चोटे दिखाते हुए एक दुकानदार। 



निवेदन :- अगर आपको लगता है की ये लेख किसी के लिए उपयोगी हो सकता है तो आप निसंकोच इसे अपने मित्रो को प्रेषित कर सकते है