ABSLM 15/4/2023 एस• के• मित्तल
सफीदों, सफीदों पुलिस ने फिरौती की रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए 2 को नामजद करते हुए विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। सफीदों पुलिस को दी शिकायत में अग्रसैन कालोनी सफीदों निवासी गौरी दत्त शर्मा ने कहा कि दिसंबर 2022 में अनिल, मोनू गांमडी व दो अन्य लोग मेरे घर आए और 5 लाख रुपए नकद लेने की डिमांड रखी। रुपए नहीं देने पर गोली मारकर हत्या करने की धमकी दी। जिसमें बाद मैने शिकायत सफीदो सिटी थाना में दी थी परन्तु कोई भी कार्यवाही नहीं हुई। फिर उक्त लोगों ने 5/6 अज्ञात बदमाश 1 जनवरी को भेजकर मेरे ऊपर चाकू से हमला करवा दिया। इस हमले के कारण मेरे सिर में 7-8 टांके लगे। मैने फिर शिकायत सिटी थाना में दी परंतु कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसके बाद मुझे कई बार विदेशी नम्बरों से फोन करके रुपए मांगे गए और ना देने की सूरत में जान से मारने की धमकी दी गई। 18 मार्च को मेरे घर में मेरी पत्नी व दो छोटे बच्चे अकेले थे। रात को करीब 2 बजे उक्त लोगों ने घर का दरवाजा तोड़कर घर मे घुसने की कोशिश की व दरवाजे की जाली तोड़ दी। वहीं गाली-गलौच करते हुए मुझे फोन करके जान से मारने की धमकी दी। मेरी पत्नी ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी और पुलिस के आते ही बदमाश मौके से भाग गए। पुलिस द्वारा कार्रवाई ना होते देख एडीजीपी हिसार को शिकायत की। जिसके बाद 2 अप्रैल को फिर से अनिल का फोन मेरे पास आया और दरखास्त वापिस लेने की धमकी दी। मुझसे रूपए भी मांगे गए और रुपए ना देने की सूरत में जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भादस की धारा 384, 323, 506 व 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
No comments:
Post a Comment
निवेदन :- अगर आपको लगता है की ये लेख किसी के लिए उपयोगी हो सकता है तो आप निसंकोच इसे अपने मित्रो को प्रेषित कर सकते है