AABSLM

हमारी साइट में अपने समाचार सबमिट के लिए संपर्क करें

भारत और जापान मीडिया कंटेंट पर सहयोग बढ़ाने पर सहमत



भारत और जापान फिल्‍म क्षेत्र खासकर एनीमेशन फिल्‍मों के सह-निर्माण में सहयोग बढ़ाने पर सहमत हो गये हैं। दोनों देशों ने एक संयुक्‍त बयान में कहा है कि फिल्‍मों तथा एनीमेशन के सह-निर्माण, कौशल विकास, प्रशिक्षण संस्‍थानों के बीच आदान-प्रदान कार्यक्रम और दोनों पक्षों के लिए परस्‍पर लाभकारी क्षेत्रों में व्‍यापार की संभावनाओं को तलाशने के लिए संयुक्‍त कार्यदल बनाने पर सहमत हुए हैं। आज नई दिल्‍ली में सूचना और प्रसारण मंत्री श्री मनीष तिवारी तथा भारत के दौरे पर आए जापान के व्‍यापार और उद्योग मंत्री श्री तोशी मित्‍सू मोतेगी ने समझौते पर हस्‍ताक्षर किए।

बातचीत में श्री तिवारी ने पंजाब के मोहाली में प्रस्‍तावित नेशनल सेंटर फॉर एक्‍सेलेंस इन एनीमेशन, गेमिंग एंड स्‍पेसल इफेक्‍ट (एनसीओई) की स्‍थापना में जापान को साझीदार बनाने का न्‍यौता दिया। श्री तिवारी ने पुणे स्थित फिल्‍म तथा टेलीविजन संस्‍थान तथा कोलकाता के सत्‍यजीत राय फिल्‍म और टीवी संस्‍थान में विशेष प्रशिक्षण पाठ्यक्रम विकसित करने में जापान के प्रयासों की सराहना की।

इस साल गोवा में होने वाले भारत अंतर्राष्‍ट्रीय फिल्‍म महोत्‍सव में आकर्षण देश होने के जापान के फैसले का स्‍वागत करते हुए श्री तिवारी ने जापान के मंत्री को फिल्‍म महोत्‍सव में शामिल होने का व्‍यक्तिगत न्‍यौता भी दिया।

श्री मोतेगी ने भारत के मीडिया कंटेंट उद्योग में जापान के पूर्ण सहयोग की पुष्टि की। उन्‍होंने कहा कि फिल्‍मों के सह-निर्माण खास कर एनीमेशन फिल्‍मों के सह-निर्माण से शुरूआत हुई है। उन्‍होंने कहा कि भारत में मीडिया क्षेत्र के विकास की काफी संभावना है क्‍योंकि भारत तेजी से आर्थिक प्रगति कर रहा है।

सूचना और प्रसारण सचिव श्री विमल जुल्‍का ने कहा कि भारत-जापन संयुक्‍त कार्य दल बनाने की दिशा में तुरंत कदम उठाए जाएंगे। 

निवेदन :- अगर आपको लगता है की ये लेख किसी के लिए उपयोगी हो सकता है तो आप निसंकोच इसे अपने मित्रो को प्रेषित कर सकते है