ABSLM-17/02/2015
केन्द्रीय गृह मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली पुलिस को पूर्वोत्तर के लोगों को सुरक्षा प्रदान करने पर ध्यान केंद्रित करने को कहा है। केन्द्रीय गृह मंत्री ने आज यहां दिल्ली पुलिस के 68वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्वोत्तर के लोगों को राष्ट्रीय राजधानी में विमुख नहीं महसूस करना चाहिए।
श्री राजनाथ सिंह ने महिलाओं की सुरक्षा को एक और बड़ी चिंता बताते हुए कहा कि केन्द्र सरकार ने भी सभी राज्य सरकारों को महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर जांच इकाइयों का गठन करने को कहा है जो बलात्कार जैसे अपराधों की जांच करेगी। 'हिम्मत' जैसी अनूठी प्रौद्योगिकीय समाधान प्रस्तुत करने पर दिल्ली पुलिस की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि हिम्मत दिल्ली में महिला सुरक्षा मुहैया कराने के लिए दिल्ली पुलिस द्वारा शुरू की गयी एक कारगर ऐप्लीकेशन है।
अल्पसंख्यकों की सुरक्षा का जिक्र करते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि केन्द्र ने '1984 के दंगों' की जांच करने के लिए हाल ही में एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया है। श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि इन दंगों से प्रभावित लोगों के साथ अब न्याय किया जाएगा।
केन्द्रीय गृह मंत्री ने 21वीं शताब्दी में कारगर नीति निर्माण के लिए आधुनिक प्रौद्योगिकी अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि पुलिस मंजूरी प्रमाण पत्र (पीसीसी) जारी करने के लिए नई प्रक्रिया इस दिशा में एक अच्छा कदम है। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस को प्रधानमंत्री के 'स्मार्ट पुलिस' (एस-संवेदनशील और सख्त; एम-गतिशीलता के साथ आधुनिक; ए- सतर्क एवं जबावदेह; आर-भरोसेमंद एवं कार्रवाई करने वाला; टी-प्रशिक्षित एवं तकनीकी में कुशल) के सपने को साकार करने के लिए अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए।
श्री राजनाथ सिंह ने कहा 'मैं दिल्ली पुलिस के सामने आ रही चुनौतियों से अवगत हूँ; दिल्ली जैसे विविध शहर को सुरक्षा प्रदान करना बेहद मुश्किल कार्य है।' उन्होंने कहा कि 'इन सभी चुनौतियों के बावजूद दिल्ली पुलिस का प्रदर्शन शानदार रहा है।'
केन्द्रीय गृह मंत्री ने विद्यालय भवन के निर्माण के लिए दिल्ली पुलिस शिक्षा कल्याण कोष को पाँच करोड़ रूपये देने की घोषणा की।
इससे पहले, श्री राजनाथ सिंह ने सलामी गारद का निरीक्षण किया और परेड की सलामी ली। दिल्ली पुलिस आयुक्त श्री बी.एस.बस्सी ने भी इस अवसर को संबोधित किया।
.jpg)
निवेदन :- अगर आपको लगता है की ये लेख किसी के लिए उपयोगी हो सकता है तो आप निसंकोच इसे अपने मित्रो को प्रेषित कर सकते है