AABSLM

हमारी साइट में अपने समाचार सबमिट के लिए संपर्क करें

रामनवमी की धूम, भक्ति में डूबी अयोध्या

         
Date: 28/03/2015    

लखनऊ /अयोध्या, 28 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में शनिवार को रामनवमी के त्योहार को लेकर लोगों में गजब का उत्साह देखा जा रहा है। रामनगरी अयोध्या में तो आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है।

राम जन्मोत्सव के अवसर पर अयोध्या में रात 12 बजे से ही भक्तों का तांता लगा हुआ है। मंदिरों में राम नाम के जयकारे गूंज रहे हैं।
अयोध्या की गलियों में देर रात ही मंदिरों में सारी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। श्रद्घालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
सरयू नदी में स्नान करने के लिए भक्तों की भारी भीड़ देर रात ही जमा हो गई। श्रद्घालुओं का मानना है कि रामनवमी पर सरयू नदी में स्नान करने से पुण्य प्राप्त होता है। श्रद्घालु सरयू में डुबकी लगाने के बाद सीधे कनक भवन पहुंचे, जहां श्रीराम जन्मोत्सव मनाने का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।

अयोध्या में राम जन्म के अवसर पर मंदिरों में नृत्य और संगीत का भी कार्यक्रम होता है और राम के जन्म की कथा सुनाई जाती है। राम जन्मोत्सव धूमधाम से मनाने के लिए लाखों भक्त दूर-दूर से अयोध्या पहुंचे हुए हैं।

रामनवमी के त्योहार के साथ आज (शनिवार) नौ दिनों तक चलने वाले नवरात्र पर्व का भी समापन हो गया। पूरे उप्र में श्रद्घालुओं ने हवन, अनुष्ठान कर नवरात्र के व्रत का समापन किया और भगवान राम का जन्मोत्सव मनाया।
रामनवमी को देखते हुए शनिवार को पूरे प्रदेश में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। रामनगरी की सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। मेले की निगरानी ड्रोन कैमरों के माध्यम से की जा रही है। अयोध्या में चप्पे चप्पे पर सुरक्षाकर्मी नजर जमाएं हैं। इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

निवेदन :- अगर आपको लगता है की ये लेख किसी के लिए उपयोगी हो सकता है तो आप निसंकोच इसे अपने मित्रो को प्रेषित कर सकते है