ABSLM 19/05/2021
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को चक्रवाती तूफान ताऊ ते से प्रभावित गुजरात और दीव के दौरे पर हैं। वे यहां हालात और नुकसान की समीक्षा करने पहुंचे हैं। सबसे पहले PM मोदी ने ऊना, दीव, जाफराबाद और महुवा समेत सौराष्ट्र के कई जिलों का वायुसेना के हेलिकॉप्टर से निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री ने गुजरात के लिए एक हजार करोड़ रुपए की मदद का ऐलान किया है। साथ ही देश भर में तूफान के कारण मरने वालों के परिवार को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए मुआवजा भी दिया जाएगा।प्रधानमंत्री ने नक्शे के जरिए प्रभावित इलाकों की लोकेशन को समझा।इस दौरे के बाद कहा कि केंद्र सरकार तूफान से प्रभावित सभी राज्यों के साथ
संपर्क में है और उनके साथ काम कर रही है। इसके बाद वे राज्य के मुख्यमंत्री विजय
रूपाणी और अन्य अधिकारियों के साथ अहमदाबाद में एक रिव्यू मीटिंग की।
'ताऊ-ते' सोमवार की रात करीब साढ़े दस बजे सौराष्ट्र से टकराया था। इसके बाद तटीय
इलाकों में लैंडफॉल की प्रक्रिया शुरू हुई, जो करीब ढाई से तीन
घंटे तक चली। तूफान के असर के चलते सौराष्ट्र के 21 जिलों की 84 तहसीलों में मूसलाधार बारिश शुरू हो गई थी।
हालांकि, अब कई जगह बारिश थम गई है। ऊना और गिर में विशालकाय वृक्षों, बिजली के खंभे और सोलर पैनल धराशायी हो गए हैं। कई मोबाइल टावर गिरने के चलते
जाफराबाद के दर्जनों गांव से संपर्क टूट गया है।
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने बताया कि तेज हवाओं की वजह से 40 हजार पेड़ गिर गए हैं और 16,500 कच्चे मकानों को नुकसान हुआ है। 2400 से ज्यादा गांवों में बिजली नहीं है।


निवेदन :- अगर आपको लगता है की ये लेख किसी के लिए उपयोगी हो सकता है तो आप निसंकोच इसे अपने मित्रो को प्रेषित कर सकते है