AABSLM

हमारी साइट में अपने समाचार सबमिट के लिए संपर्क करें।

हैदराबाद में भारत के 18वें अंतर्राष्‍ट्रीय बाल फिल्‍म समारोह का शुभारंभ



बाल फिल्‍मोत्‍सव विचारों और अभिवयक्ति की बहुलता के अभिन्‍न अधिकार को मजबूत बनाता है - केन्‍द्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी

भारत के 18वें अंतर्राष्‍ट्रीय बाल फिल्‍म समारोह का कल हैदराबाद में ललित कला तोरणम में उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर नृत्‍य का रंगारंग कार्यक्रम पेश किया गया जिसमें बालीवुड अभिनेता रणवीर कपूर ने भाग लिया।

इस अवसर पर केन्‍द्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री श्री मनीष तिवारी ने कहा कि बाल फिल्‍मोत्‍सव से रचनात्‍मकता, उद्मशीलता और मौलिकता प्रदर्शित करने का अवसर तो मिलता ही है, साथ ही विचारों और अभिवयक्ति की बहुलता के अभिन्‍न अधिकार को मजबूती भी मिलती है। वसुदैव कुटुम्‍बकम् के सिद्धांत का उल्‍लेख करते हुए उन्‍होंने कहा कि इसका सबसे अच्‍छा उदाहरण बच्‍चों के दिलोदिमाग में देखा जा सकता है।

हैदराबाद की सराहना करते हुए उन्‍होंने कहा कि 18 में से 9 बाल फिल्‍म समारोह हैदराबाद में आयोजित किए गए हैं। उन्‍होंने कहा कि भारत एक प्राचीन सभ्‍यता वाला लेकिन आधुनिक राष्‍ट्र है। पंडित नेहरू के कथन की याद दिलाते हुए उन्‍होंने कहा कि भारत को बच्‍चों की मासुमियत, युवाओं के जोश और बहुमत की विद्वता के लिए जाना जाता है।

इस अवसर पर आंध्रप्रदेश के मुख्‍यमंत्री एन. किरण कुमार रेड्डी ने महिलाओं की शिक्षा पर जोर दिया। उन्‍होंने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा में कोई भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए। उन्‍होंने कहा कि राज्‍य सरकार बाल फिल्‍म परिसर के भवन का निर्माण कार्य शीघ्र करेगी, जिसके लिए भूमि पहले ही आवंटित की जा चुकी है।

इससे पहले सूचना और प्रसारण सचिव श्री बिमल जुल्‍का ने गणमान्‍य अतिथियों का स्‍वागत किया।

निवेदन :- अगर आपको लगता है की ये लेख किसी के लिए उपयोगी हो सकता है तो आप निसंकोच इसे अपने मित्रो को प्रेषित कर सकते है