ग्रामीण अंचल में पैर पसार रही कोरोना महामारी।
ABSLM 16/05/2021 Skmittal सफीदों :
हरियाणा प्रदेश के ग्रामीण अंचल में पैर पसार रही कोरोना महामारी को लेकर सरकार गंभीर हो गई है। सरकार ने गांव स्तर पर आइसोलेशन वार्ड बनाने व खंड स्तर पर नोड़ल अधिकारी नियुक्त करने का निर्णय लिया है। इसी कड़ी में जिला परिषद जींद के डिप्टी सीओ अजीत सिंह को सफीदों खंड का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। अजीत सिंह ने बताया कि इस महामारी को लेकर गांव स्तर पर 4 लोगों की टीम का गठन किया गया है। इस टीम में आशा वर्कर, आंगनबाड़ी वर्कर, स्कूल अध्यापक व एक पंचायत सदस्य को शामिल किया गया है। यह टीम घर-घर सर्वे करने का काम करेगी। इसके अलावा गांव स्तर पर आईसोलेशन सैंटर बनाए गए है। सर्वें के दौरान टीम को गांव में जो भी संक्रमित मिलेगा उसे इस आईसोलेशन सैंटर में लाया जाएगा। इन सैंटरों पर स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। ये स्वास्थ्य कर्मी संक्रमितों को इलाज उपलब्ध करवाएंगे। आईसोलेशन सैंटर के एक कमरे में मरीजों के लिए उचित दूरी पर अलग-अलग बैड, आक्सीमीटर, दवाईयों, सैनिटाइजर, मास्क, बिजली, पानी व खानेपीने की व्यस्था उपलब्ध रहेगी।
YouTube पर देखें सब्सक्राइब करें लाईक करे और अपने सभी दोस्तों को शेयर करें : https://youtu.be/fMP3lWecITg
आईसोलेशन सैंटर बनाने का प्रमुख उद्देश्य यह है कि कोरोना की कड़ी तोडऩे के लिए संक्रमित व्यक्ति को परिवार से दूर आइसोलेशन वार्ड में रखा जाए ताकि पूरा परिवार संक्रमित ना हो। इसके अलावा अगर किसी संक्रमित को अधिक दिक्कत महसूस होगी उसे जिला या स्थानीय सरकारी अस्पताल में रैफर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सर्वे टीम द्वारा प्राप्त रिपोर्ट को जिला मुख्यालय पर भेजा जाएगा। गौरतलब है कि ऐसी व्यवस्था में सफीदों खंड के 45 में से 15 गांवों हाट, कारखाना, बागड़ू कलां, भूसलाना, डिडवाड़ा, खेड़ाखेमावती, सिंघाना, मुवाना, निम्मनाबाद आदि के राजकीय स्कूलों में कुल 100 बिस्तरों की व्यवस्था की गई है और वहां पर सभी व्यवस्थाएं मुक्कमल कर ली गई हैं। ऐसे अस्थाई केंद्रों में संबंधित गांव की आशा वर्कर व आंगनवाड़ी वर्कर देखरेख कर रही हैं और रात को स्कूल के चौकीदार को तैनात किया गया है। सफीदों में कोविड के नोडल अधिकारी डॉक्टर विकास गुप्ता ने बताया कि गांव स्तर पर टेस्टिंग के आदेश अभी नहीं मिले हैं, आदेश मिलते ही टेस्टिंग शुरू होगी जिसमे संक्रमित पाए गए लोगों को ऐसे अस्थाई केंद्रों में रखकर उपचार दिया जाएगा।



निवेदन :- अगर आपको लगता है की ये लेख किसी के लिए उपयोगी हो सकता है तो आप निसंकोच इसे अपने मित्रो को प्रेषित कर सकते है