abslm 09/12/2021 एस• के• मित्तल
सफीदों नगर के राजकीय सरला कन्या महाविद्यालय की सड़क का मामला टेंडर को लेकर बनने से पहले ही विवादों में घिर गया है। गौरतलब है कि नगर पालिका ने वर्षों से खराब पड़ी इस खस्ताहाल सड़क को बनाने की खातिर 25 लाख रुपए का एक टेंडर लगाया था, जिसको दिए जाने के तरीके को लेकर नगरपालिका के कई ठेकेदारों ने इसमें गोलमाल का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत प्रदेश के शहरी निकाय मंत्री , उपायुक्त जींद, डीएमसी, एसडीएम सफीदों, स्टेट विजिलेंस ब्यूरो तथा सचिव नगर पालिका सहित अन्य विभागों को करके इसकी जांच कराने की मांग की है। नगर पालिका ने 19 नवंबर को इस कॉलेज के सामने की सड़क को बनाने की खातिर ऑनलाइन तरीके से 25 लाख रुपए की लागत का एक टेंडर लगाया था। जिसमें लगभग आधा दर्जन ठेकेदारों ने अपने-अपने रेट दिए थे। नगरपालिका के एक ठेकेदार अखिलेश कौशिक ने आरोप लगाते हुए कहा कि उसने इस कार्य के लिए सरकार द्वारा तय रेट से 17 प्रतिशत कम पर अपने रेट दिए थे, परंतु नगरपालिका के अधिकारियों ने गोलमाल करते हुए उसका टेंडर गलत ढंग से रद्द करके 6 प्रतिशत कम रेट वाले ठेकेदार को अलाट कर दिया, जिससे नगरपालिका को सीधा 11 प्रतिशत अधिक का भुगतान करना पड़ेगा जोकि कई लाखों रुपए में नगरपालिका को झेलना पड़ेगा। इतना ही नहीं इस ठेकेदार ने सीएम विंडो में भी भेजी गई अपनी शिकायत में स्पष्ट रूप से कहा है कि नगरपालिका द्वारा इस कार्य के टेंडर की खातिर किसी भी समाचार पत्र में इस टेंडर का विज्ञापन तक प्रकाशित नहीं करवाया और चुपचाप गैरकानूनी ढंग से अधिक रेट होने के बावजूद भी अपने एक चहेते ठेकेदार को दे दिया।
#यूट्यूब पर यह भी #देखें #सब्सक्राइब करें और #अपने सभी #दोस्तों को #शेयर करें... #सभी #खबरों की #अपडेट के लिए #घंटी #जरूर #दबाएं...
अखिलेश कौशिक का कहना है कि वह अभी भी इस काम को 17 प्रतिशत कम की दर पर करने को तैयार है। इस टेंडर को रद्द करके दोबारा नए सिरे से लगाया जाए ताकि नगरपालिका का लाखों रुपए का नुकसान भी बच सके। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि बीते 5 वर्ष से नगरपालिका भ्रष्टाचार के दर्जनों मामलो से घिरी हुई है। इसको लेकर सफीदों में दर्जनों लोगों द्वारा प्रदर्शन तथा समाजसेवी एवं भाजपा नेता रामदास प्रजापत द्वारा नगर के महाराजा अग्रसैन चौंक पर भूख हड़ताल तक भी की थी। उसके बाद नगरपालिका के लगभग एक दर्जन मामले जिनमें की भ्रष्टाचार के आरोप थे की जांच की कार्रवाई अभी तक चल रही है। नगर में लोगों का कहना है कि बीते 5 वर्ष में लगभग 35 करोड रुपए की राशि प्रदेश सरकार द्वारा सफीदों नगरपालिका को दी गई उसके बावजूद भी नगर की अधिकतर सड़कों व गलियों नालियों तथा पार्कों का हाल पहले से भी बुरा हो गया है। नगरपालिका द्वारा पिछले 5 वर्षों से मनमाने तरीके से बेतरतीब ढंग से कार्य करवाए जिसका खामियाजा नगर की जनता अभी तक भुगत रही है। इतना सबकुछ होने के बावजूद भी अब फिर से नगर के सरला मेमोरियल कन्या कॉलेज के सामने की सड़क का 25 लाख रूपए का ठेका जिस तरह से दिया गया है वह भी फिर से विवादों में घिर गया है।
क्या कहते हैं एसडीएम
इस मामले में एसडीएम डा. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि इस टैंडर को लेकर अनेक शिकायतें प्राप्त हुई। इन शिकायतों की जांच की जाएगी और जांच के बाद ही सड़क का निर्माण करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल इस सड़क पर सिवरेज का कार्य चल रहा है। वह कार्य निरंतर चलता रहेगा।
फोटो कैप्शन 4.: वह कन्या कालेज वाली सड़क जिस पर टैंडर को लेकर विवाद है।


निवेदन :- अगर आपको लगता है की ये लेख किसी के लिए उपयोगी हो सकता है तो आप निसंकोच इसे अपने मित्रो को प्रेषित कर सकते है