AABSLM

हमारी साइट में अपने समाचार सबमिट के लिए संपर्क करें

राज्य सरकार द्वारा राज्य की सभी वैकेंसीयों को किया जा रहा ऑनलाइन : उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला

 रोजगार वृद्धि करने के लिए सरकार कर रही लगातार प्रयास

ABSLM 9/7/2022 एस• के• मित्तल     


जींद,       हरियाणा सरकार के द्वारा प्रदेश के नागरिकों के रोजगार में वृद्धि करने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। कौशल रोजगार योजना के माध्यम से नागरिक उन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जिसके लिए पहले आउटसोर्सिंग के माध्यम से आवेदन किया करते थे। राज्य सरकार द्वारा राज्य की सभी वैकेंसीयों को ऑनलाइन किया जा रहा है। इसके अलावा पहले आउटसोर्सिंग भर्तियों के अंतर्गत ठेकेदारी प्रथा को खत्म किया गया है। यह बात हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने शनिवार को जींद के जननायक जनता पार्टी के कार्यालय में पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि आउटसोर्सिंग प्रक्रिया के माध्यम से न केवल अनुबंध के आधार पर काम करने वाले कर्मचारियों का शोषण रुकेगा बल्कि योग्य उम्मीदवार को पारदर्शिता से पर्याप्त रोजगार प्राप्त करने के अवसर भी सुनिश्चित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कौशल रोजगार अपने आप में एक अद्भुत योजना है इस योजना से डीसी रेट व ठेकेदारी प्रथा को खत्म किया जा रहा है। इसमें शुरू- शुरू में छोटी- मोटी दिक्कतें जरूर आई पर पिछले आठ महीनों में जॉब वैकेंसी को स्ट्रीमलाइन किया गया। उन्होंने कहा कि आर्थिक आधार पर जो गरीब परिवार थे उनको  प्राथमिकता के आधार पर रोजगार दिया गया है। कौशल रोजगार योजना के तहत जो पहले से लगे हुए कर्मी थे उनको हमने बेरोजगार न करके वहीं पर स्थापित करने का काम किया है और धीरे-धीरे पहले हमने डिप्लोमा होल्डर के लिए काम किया है। इस योजना को हमने सभी विभागों के हर क्षेत्र की नौकरियों के लिए खोला है। इसके अलावा इसमें बीपीएल परिवारों को भी छूट दी गई है। 30 हजार सैलरी तक के जो तकनीकी पद हैं उसके लिए भी काम किए है और आने वाले समय में उनको भरा जाएगा। पत्रकारों द्वारा पूछे गए जनप्रतिनिधियों को मिलने वाली धमकियों के सवाल पर जवाब देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इसकी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है क्योंकि विदेशों में बैठे कुछ अपराधिक प्रवृत्ति के लोग भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते हैं, इसके लिए हमारा पुलिस व साइबर विभाग लगातार जुटा हुआ है। पत्रकारों द्वारा हिसार के बरवाला में किसान की मौत के सवाल का जवाब देते हुए श्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि इसके लिए एक सीनियर आईपीएस के अलावा जिला के डीसी तथा एसपी की कमेटी गठित की गई है, जो इसकी जांच करेगी और उसके बाद ही इसके बारे में कुछ कहा जा सकता है। इस मौके पर उनके साथ जुलाना के विधायक अमरजीत ढांडा, जेजेपी के जिला प्रधान कृष्ण राठी  व सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता व आमजन उपस्थित रहे।

निवेदन :- अगर आपको लगता है की ये लेख किसी के लिए उपयोगी हो सकता है तो आप निसंकोच इसे अपने मित्रो को प्रेषित कर सकते है